चैत्र नवरात्र 2024: पंचमी पर आज देवी मंदिरों में लगा भक्तों का तांता…

raipur@khabarwala.news

बिलासपुर। चैत्र नवरात्र की पंचमी तिथि पर शनिवार को देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। भक्त स्कंदमाता स्वरूप के दर्शन करेंगे। महाआरती संग भोग भंडारा होगा। सुबह से देवी दर्शन करने भक्तों का तांता लगा रहेगा। अंचल जय माता दी के जयकारों से गूंजेगा।

पंचमी तिथि पर भक्तों को घी का दीपक, धूप जलाकर मां के मंत्र का जाप करना चाहिए। चालीसा, दुर्गा सप्तशती का पाठ करें और अंत में दुर्गा मां के साथ स्कंदमाता की आरती करने से पुण्य फल प्राप्त होता है। मां स्कंदमाता को भोग में केला और मिठाई प्रिय है। इस दिन आदिशक्ति मां महामाया का विशेष शृंगार होगा। भक्त मां महामाया मंदिर रतनपुर सहित मां काली मंदिर तिफरा, मां दुर्गा मंदिर दयालबंद, जरहाभाठा, संतोषी मंदिर लिंक रोड, दुर्गा मंदिर सरकंडा, मां बगलामुखी सहित अन्य सभी देवी मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। मां महामाया मंदिर रतनपुर में प्रतिदिन पूजा, शतचंडी यज्ञ आदि के लिए एक क्विंटल अतिरिक्त फूल मंगाया गया है। दिनभर भक्तों का तांता लगा रहेगा। मंदिरों व घरों में परंपरानुसार जवारा बोए गए। नवमी तिथि तक अंचल में भक्तिमय माहौल बना रहेगा।

सप्तमी पर भक्त करेंगे पदयात्रा

सप्तमी पर आदिशक्ति मां महामाया के दर्शन करने भक्त पदयात्रा करते हैं। इस साल ट्रस्ट ने दर्शन के बाद वापस ले जाने बस की व्यवस्था की है। सड़कों की मरम्मत भी हो चुकी है। जिला प्रशासन ने रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त बिजली, 24 घंटे मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं। मंदिर ट्रस्ट को दर्शनार्थियों को जल्द से जल्द माता के दर्शन कराने की व्यवस्था बनाने कहा गया है। गर्मी से श्रद्धालुओं को राहत दिलाने पर्याप्त पंखे व पानी की व्यवस्था भी होगी।

श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधा भी

प्रशासन ने इस साल पदयात्रा का विशेष ख्याल रखते हुए स्वास्थ्य विभाग को नवरात्र पर्व पर विशेष ध्यान देने कहा है। खासकर पंचमी तिथि से अष्टमी तक24 घंटा आपातकाल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने और एंबुलेंस की व्यवस्था करने कहा है। पर्याप्त विद्युत व्यवस्था और जनरेटर भी उपलब्ध कराने विद्युत विभाग व लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदारी दी है। महिला सुरक्षा को लेकर एएसपी अर्चना झा को कमान सौंपा गया है।

भगवती मावली माता मुरु

तखतपुर ब्लाक के ग्राम मुरु में मां भगवती मावली माता का नवीन दिव्य भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ। नवरात्रि के प्रथम दिन मां मावली यहां विराजमान हुई। गांव वासियों ने मां भगवती की पूजा अर्चना की प्रसिद्ध मावली माता मूर्ति अति प्राचीन है। मां लोगों की मनोकामना पूर्ण करती हैं इसीलिए यहां दूर-दूर से भक्त दर्शन करने के लिए आते हैं। सालों से यहां मां की पूजा प्रतिष्ठा होती चली आ रही है इस बार नवीन भवन में मां भगवती विराजमान हुई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *