
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद देवबंद में संगठन के एक साथी एडवोकेट अजय के घर गए थे। अजय की मां का 2 दिन पहले निधन हो गया था। चंद्रशेखर जैसे ही अजय के घर से निकलकर अपनी कार तक पहुंचे, तभी दूसरी कार से आए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
पार्टी बोली- ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य
हमले की सूचना चंद्रशेखर के राजनीतिक दल आजाद समाज पार्टी ने ट्वीट कर दी। लिखा- देवबंद में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा की मांग करते हैं।वहीं, भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा, ”जिस प्रकार से प्रदेश के अंदर माहौल बना हुआ है, चाहे वो मुस्लिम नेता हो या दलित नेता हो। उन्हें टारगेट किया जा रहा है। उन पर गोलियां चलाई जा रही हैं। यह बहुत ही निंदनीय है।”उन्होंने कहा, ”चंद्रशेखर यूथ आइकन हैं। ये गोली उन पर नहीं, यूथ पर चली है, जो बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश सरकार से कहना चाहता हूं कि चंद्रशेखर को जेड प्लस सुरक्षा दी जाए। जिन्होंने गोली चलाई है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो देश और प्रदेश में माहौल संभालना मुश्किल हो जाएगा।”
भीम आर्मी के सहारनपुर के जिलाध्यक्ष और प्रत्यक्षदर्शी सोनी अंबेडकर ने कहा, ”कार्यक्रम से निकलते ही स्विफ्ट गाड़ी में आए लोगों ने उन पर हमला किया। जिससे उन्हें गोली भी लगी है। 3 से 4 राउंड फायरिंग हुई है। सफेद गाड़ी में 3 से 4 लोग सवार थे। गाड़ी की खिड़की खुली हुई थी। गाड़ी अनियंत्रित रूप से चल रही थी। चंद्रशेखर शायद हमलावरों को जानते हैं।”
पुलिस बोली- CCTV में नजर आई हमलावरों की कार : हमलावरों की कार एक जगह CCTV कैमरे में नजर आई है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। वहीं CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
SSP विपिन ताडा ने कहा, करीब 5:15 बजे देवबंद पुलिस को चंद्रशेखर पर फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस के आला-अधिकारी मौके पर पहुंचे। चंद्रशेखर को अस्पताल ले गए। उनके पेट से गोली छूकर निकली है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। चंद्रशेखर के बताए गए घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है। जो घटनाक्रम बताया है और जो साक्ष्य मौके पर मिले हैं, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सपा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया
इस घटना पर ट्वीट कर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है। पार्टी ने ट्वीट में लिखा है, देवबंद में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। बीजेपी राज में विपक्षी नेता ही सुरक्षित नहीं। यूपी में जंगलराज!
वहीं, शिवपाल यादव ने भी इस घटना पर ट्वीट किया है। इसमें लिखा- प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अराजक तत्व अपने सभी हदों और सरहदों को तोड़ने लगे हैं। यूपी में विपक्ष अब सत्ता और अपराधियों दोनों के निशाने पर है। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हुआ जानलेवा हमला प्रदेश के खोखले हो चुके कानून व्यवस्था के लिए एक अलार्म है। जाग जाओ सरकार!