लोहा गांव के लोग अपने गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचने पर खुशी जाहिर की और हेल्थ कैम्प में पहुंचकर ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। टीम के द्वारा लोगों को इलाज के साथ-साथ निःशुल्क दवाएं दी गई। लोहा गांव में बारिश के मौसम को देखते हुए गांव में डिपो होल्डर के माध्यम से दवाईयों का भंडारण किया गया, ताकि किसी प्रकार की आपातकालीन समस्या होने पर गांव के लोगों को वहां से दवाई मिल पाए। हेल्थ कैम्प में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत सभी ग्रामीणों से मलेरिया की जांच की गई। लोहा ग्राम की जनसंख्या मात्र 125 है। हेल्थ कैम्प में 104 ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार कराया। मलेरिया जांच में 11 मरीज पॉजिटिव पाए गए, वहीं 14 लोगों में मोतियाबिंद और 3 बच्चों में कुपोषण की समस्या मिली। सभी रोग पीड़ितों को आवश्यकतानुसार दवा दी गई। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा इन गांवों में ग्रामीणों को विभाग की योजनाओं से अवगत कराया गया। विभाग के द्वारा बीते एक वर्ष से लगातार ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं एवं विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।


