रायपुर : प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों ने किया सियान गुड़ी का अवलोकन

वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद कर जाना उनके अनुभव, संवेदनशील प्रशासन की सीख ली

रायपुर, 26 जून 2026

वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद कर जाना उनके अनुभव, संवेदनशील प्रशासन की सीख ली

जशपुर जिले के भागलपुर रोड स्थित डे-केयर सेंटर सियान गुड़ी का छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरंा से आए वर्ष 2025 बैच के 7 प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों ने अवलोकन किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, देखभाल और सक्रिय जीवन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल के रूप में विकसित हो रहा है।

मैदानी प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा वरिष्ठ नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद कर उनके जीवन अनुभवों, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को करीब से समझा। इस दौरान उन्हें प्रशासनिक दायित्वों के साथ मानवीय संवेदनशीलता, जनसेवा और जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।

प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्री रविशंकर वर्मा, सुश्री निधि प्रधान, सुश्री नंदनी साहू, श्री मनीष बघेल, श्री सौरभ दीवान, श्री लखेश्वर यादव एवं श्री सत्येन्द्र कुमार बंजारे ने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य, मनोरंजन एवं सामाजिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने रेडियो, टेलीविजन, कैरम, लूडो सहित अन्य इनडोर खेलों, पुस्तकालय, धार्मिक एवं प्रेरणादायी पुस्तकों, योग, फिजियोथेरेपी, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित आत्मीय वातावरण की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि सियान गुड़ी में वर्तमान में जिले के 105 वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हैं। यहां प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य परीक्षण, योग, फिजियोथेरेपी, पुस्तकालय, मनोरंजन, स्वल्पाहार एवं सामाजिक सहभागिता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इन सेवाओं के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रह रहे हैं, बल्कि मानसिक रूप से प्रसन्न, सामाजिक रूप से सक्रिय और आत्मविश्वासपूर्ण जीवन भी जी रहे हैं। सियान गुड़ी जशपुर जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और संवेदनशील प्रशासन का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *