छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन 06 अक्टूबर से…

raipur@khabarwala.news

बस्तर कांकेर 28 सितम्बर 2022 :मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल के अनुरूप खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर द्वारा छः चरणों में होने वाले छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन का दायित्व पंचायत एवं ग्रामीण विकास और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की शुरूवात कांकेर जिले में कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में आगामी 6 अक्टूबर से शुरू होगी, जिसका समापन राज्य स्तर पर 6 जनवरी 2023 को होगा। दलीय एवं एकल श्रेणी में 14 प्रकार के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ में पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने के लिए पहल की गई है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक से प्रतिभागियों को एक ओर जहाँ मंच मिलेगा, वहीं उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढे़गी और खेल भावना का विकास होगा। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं नगरीय क्षेत्रों में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। दो श्रेणी में 14 तरह के खेलों में छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक को लेकर जारी मार्गदर्शिका व कार्ययोजना के अनुसार छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा, जिसमें खेल विधाओं के लिहाज से दलीय व एकल श्रेणी निर्धारित किया गया है। दलीय श्रेणी जैसे-गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बाँटी (कंचा) इत्यादि खेल विधाएँ शामिल की गई है, वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लास, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बी कूद शामिल किया गया है। गांव के क्लब से लेकर राज्य तक छः चरणों में संपन्न किया जायेगा। गांव में सबसे पहला स्तर राजीव युवा मितान क्लब का होगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें आठ राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। विकासखण्ड, नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित हांगी। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में सबसे पहले राजीव युवा क्लब स्तर पर 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2022 तक हांगे। वहीं जोन स्तर के आयोजन 15 से 20 अक्टूबर तक होंगे। विकासखण्ड स्तर पर 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक आयोजित किये जायेंगे। जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक प्रतियोगिताएँ हांगी। संभाग स्तर पर आयोजन 5 दिसम्बर के बीच होगा। वहीं राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का अंतिम चरण 28 दिसम्बर 2022 से 6 जनवरी 2023 तक खेला जायेगा, जिसमें बच्चां से बुजुर्ग तक भाग ले सकेंगे। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को 3 वर्गो में बाँटा गया है। जिसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक एवं द्वितीय वर्ग 18 से 40 वर्ष की आयु सीमा तक तथा वही तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिये है। इन प्रतियोगिताओं में महिला एवं पुरूष दोनों वर्ग के प्रतिभागियों को सम्मिलित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *