15 से 26 अगस्त तक मनाया जाएगा जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी

www.khabarwala.news

schedule
2026-08-04 | 19:09h
update
2026-08-04 | 19:09h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
15 से 26 अगस्त तक मनाया जाएगा जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी

 इस अवसर पर धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

रायपुर। शहर सीरतुन्नबी कमेटी रायपुर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 2 अगस्त 2026 को शास्त्री मार्केट स्थित सीड्स स्कूल के नूर-उस-सुबह हॉल में कमेटी के सदर मोहम्मद सोहेल सेठी की सदारत में आयोजित हुई। बैठक में आगामी जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 15 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 एवं 20 अगस्त को देश के प्रतिष्ठित उलेमा-ए-किराम की तकरीरें, 21 अगस्त को महिलाओं के लिए दीनी प्रोग्राम, 22 अगस्त को नातिया मुशायरा, 23 अगस्त को बच्चों की अज़ान प्रतियोगिता, तिलावत-ए-कुरआन तर्जुमा के साथ तथा अन्य अनेक धार्मिक आयोजन शामिल रहेंगे।

Advertisement

समापन अवसर पर 26 अगस्त को पारंपरिक जुलूस-ए-मोहम्मदी, फ़ातिहा-ख़्वानी, परचम-कुशाई एवं आम लंगर का आयोजन किया जाएगा। सभी कार्यक्रम मुस्लिम हॉल, बैजनाथपारा, रायपुर में संपन्न होंगे।

बैठक के दौरान कमेटी के सदर मोहम्मद सोहेल सेठी ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार विभिन्न समितियों में जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया, ताकि सभी कार्यक्रम बेहतर ढंग से संपन्न हो सकें।

बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मोहम्मद सोहेल सेठी ने कहा कि रायपुर शहर की जिन मस्जिदों में तामीरी कार्य चल रहा है, उनके प्रतिनिधि कार्यक्रमों के दौरान अपने बैनर, पोस्टर एवं रसीद बुक लेकर उपस्थित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इंशाअल्लाह कार्यक्रमों में आने वाले लोगों से उन मस्जिदों के तामीरी कार्य में सहयोग एवं आर्थिक सहायता की अपील की जाएगी।

बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन नई नियुक्तियों की भी घोषणा की गई। जनाब हाजी अय्यूब पारेख को कमेटी का नया कोषाध्यक्ष, जबकि हाजी रहीम ख़ान एवं हाजी ज़ुबेर महमूद को नायब सदर नियुक्त किया गया।

बैठक में कमेटी के चीफ ऑर्गनाइज़र मोहम्मद सिराज, वरिष्ठ अधिवक्ता फ़ैसल रिज़वी, पूर्व डीएसपी शोएब ख़ान, शकील, हाजी इदरीश लोया साहब, एम.के. गौरी, अज्जू भाई, नूरा भाई, यूनुस भाई, इस्माइल भाई, शाहबान भाई, फ़ैसल भाई, रोबिन भाई, गुड्डा सेठी, वसीम बाबू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शहर सीरतुन्नबी कमेटी के सदर मोहम्मद सोहेल सेठी ने कहा, “ईद मिलादुन्नबी केवल जश्न का अवसर नहीं, बल्कि हज़रत मोहम्मद मुस्तफ़ा ﷺ की सीरत, उनके संदेश और इंसानियत, भाईचारे तथा अमन की तालीम को आम करने का माध्यम है। हमारी कोशिश है कि इस बार के सभी कार्यक्रम समाज के हर वर्ग की भागीदारी के साथ गरिमापूर्ण और सफलतापूर्वक आयोजित हों। मैं सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और शहरवासियों से अपील करता हूँ कि वे बढ़-चढ़कर इन कार्यक्रमों में सहयोग करें और जिन मस्जिदों में तामीरी कार्य चल रहा है, उनके लिए भी अपनी हैसियत के अनुसार मदद करें।”

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
04.08.2026 - 20:30:12
Privacy-Data & cookie usage: