छत्तीसगढ़; दिल्ली दौरे से लौटे सीएम साय, कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच के निर्देश; आयुर्वेदिक एम्स की मांग भी उठाई

www.khabarwala.news

schedule
2026-06-25 | 17:27h
update
2026-06-25 | 17:27h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
छत्तीसगढ़; दिल्ली दौरे से लौटे सीएम साय, कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच के निर्देश; आयुर्वेदिक एम्स की मांग भी उठाई

दो दिवसीय दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने हाल ही में लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के कोचिंग सेंटरों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण कराया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास और अन्य जरूरी मानकों का पूरी तरह पालन हो, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक में बस्तर क्षेत्र के विकास, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बड़ा हिस्सा वन क्षेत्र से घिरा हुआ है और यहां औषधीय पौधों की भरपूर उपलब्धता है। ऐसे में आयुर्वेदिक चिकित्सा, अनुसंधान और उपचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य में आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना महत्वपूर्ण साबित होगी।

25 जून को आपातकाल की वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि उस समय नागरिकों के मौलिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया था और राजनीतिक विरोधियों को जेल भेजा गया था। नई पीढ़ी को उस दौर की जानकारी देने के उद्देश्य से शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में भी इस विषय को शामिल किया गया है।

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
25.06.2026 - 18:47:58
Privacy-Data & cookie usage: