रायपुर : राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा से यूनिसेफ छत्तीसगढ़ प्रमुख ने की सौजन्य भेंट

www.khabarwala.news

schedule
2026-06-10 | 19:46h
update
2026-06-10 | 19:46h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
रायपुर : राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा से यूनिसेफ छत्तीसगढ़ प्रमुख ने की सौजन्य भेंट

बस्तर अंजोर विशेष अभिसरण योजना, विकसित छत्तीसगढ़ @2047 तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

रायपुर, 10 जून 2026

छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा से आज यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की प्रमुख सुश्री सीमा कुमार ने अपने सहयोगी श्री बाल परितोष दास के साथ सौजन्य भेंट की। बैठक में राज्य नीति आयोग एवं यूनिसेफ के मध्य विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में पारस्परिक सहयोग को और सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

Advertisement

उपाध्यक्ष मिश्रा ने बैठक के दौरान विशेष रूप से “बस्तर अंजोर- विशेष अभिसरण योजना” की अवधारणा और उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग के समग्र एवं समावेशी विकास के लिए तैयार यह अभिनव मॉडल क्षेत्र में संचालित तीन प्रमुख पहलों- नियद नेल्लानार 2.0, बस्तर मुन्ने एवं स्वस्थ बस्तर, को राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों जैसे सतत विकास लक्ष्य (SDGs) 2030, विकसित छत्तीसगढ़ @2047 तथा आकांक्षी जिला एवं विकासखंड कार्यक्रमों से जोड़ता है। यह पूरी प्रक्रिया अतिरिक्त वित्तीय संसाधनों के बिना, विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रभावी समन्वय के माध्यम से संचालित की जा सकती है।

मिश्रा ने कहा कि बस्तर के बच्चों, माताओं और परिवारों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे क्षेत्रों में यूनिसेफ की तकनीकी विशेषज्ञता बस्तर अंजोर योजना को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

बैठक में विकसित छत्तीसगढ़ @2047 की दीर्घकालिक विकास परिकल्पना, मानव विकास सूचकांकों में सुधार तथा मातृ ए वं शिशु स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपाध्यक्ष मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सक्षम बच्चे तथा माताएं विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं और इस दिशा में सभी साझेदार संस्थाओं के सहयोग से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

यूनिसेफ छत्तीसगढ़ प्रमुख सुश्री सीमा कुमार ने बस्तर अंजोर विशेष अभिसरण योजना सहित विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में निरंतर तकनीकी सहयोग एवं संस्थागत समर्थन प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यूनिसेफ राज्य के बच्चों एवं महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य करता रहेगा।

उल्लेखनीय है कि यूनिसेफ, छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग का एक दीर्घकालिक तकनीकी सहयोगी रहा है और राज्य में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं बाल विकास से संबंधित अनेक पहलों में सहयोग प्रदान करता रहा है।

बैठक में राज्य नीति आयोग के सदस्य सचिव आशीष कुमार भट्ट तथा संयुक्त संचालक डॉ. नीतू गोर्डिया भी उपस्थित थीं।

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
10.06.2026 - 20:06:09
Privacy-Data & cookie usage: