छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी करेगी अखिल भारतीय क्रिकेट और टेबल टेनिस टूर्नामेंट की मेजबानी

www.khabarwala.news

schedule
2026-05-25 | 04:12h
update
2026-05-25 | 04:12h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी करेगी अखिल भारतीय क्रिकेट और टेबल टेनिस टूर्नामेंट की मेजबानी

अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड की 48 वीं वार्षिक बैठक संपन्न

रायपुर 25 मई 2026। अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड (एआईईएससीबी) की 48 वीं वार्षिक साधारण सभा की दो दिवसीय बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में आगामी वर्ष के लिए
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज को अखिल भारतीय क्रिकेट और टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी गई।23 और 24 मई को रायपुर में आयोजित दो दिवसीय बैठक में देश भर की विद्युत कंपनियों एवं विद्युत मंडलों के इस वर्ष के खेल कैलेंडर तथा वित्तीय लेखा – जोखा का अनुमोदन किया गया ।

Advertisement

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं छत्तीसगढ़ केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के अध्यक्ष श्री संजीव कुमार कटियार ने बैठक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरत को पूरा करने वाले विद्युत कर्मियों के बीच एक सकारात्मक वातावरण निर्माण में खेल स्पर्धाओं का बड़ा महत्व है और ऐसे में सभी पॉवर कंपनियों को जिम्मेदारी पूर्वक राष्ट्रीय स्तर पर खेल गतिविधियों का आयोजन करना चाहिए। उन्होंने एआईईएससीबी के पदाधिकारियों को बीते वर्ष अखिल भारतीय स्तर पर पॉवर सेक्टर कर्मियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए बधाई दी।
ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक श्री के एस मनोठिया ने बताया कि एजीएम के दौरान वित्त वर्ष 2025 -26 का लेखा – जोखा प्रस्तुत करने के साथ ही अन्य विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई जिससे आगामी वर्ष में अखिल भारतीय विद्युत खेल स्पर्धाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा सके। श्री मनोठिया ने बैठक में इस बात पर जोर दिया कि बीते वर्ष में जिन खेलों की राष्ट्रीय स्पर्धा नहीं हो सकी हैं उन मेजबानों द्वारा प्राथमिकता से ये स्पर्धाएं आयोजित की जाए। खेलों के आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और रचनात्मक वातावरण का निर्माण होता है।

48 वीं एजीएम के दौरान पॉवर कंपनियों में विभिन्न स्तर पर भर्तियों में खेल कोटे में वृद्धि संबंधी विषय पर भी चर्चा की गई ।

वर्ष 2026-27 के लिए अखिल भारतीय खेल स्पर्धाओं की मेजबानी का अवसर विभिन्न पावर कंपनियों एवं विद्युत मंडलों को दिया जाना प्रस्तावित किया गया। इसमें क्रिकेट और टेबल टेनिस की मेजबानी छत्तीसगढ़ को, एथलेटिक्स, बॉल बैडमिंटन, कैरम और बास्केटबॉल की मेजबानी आंध्र प्रदेश, शतरंज की असम, कबड्डी की तेलंगाना, पॉवर लिफ्टिंग और बॉडीबिल्डिंग की कर्नाटक, लॉन टेनिस और बैडमिंटन की केरलम, फुटबॉल की उत्तर प्रदेश , महिला खेल एवं बास्केटबॉल की तमिलनाडु, ब्रिज की पुडुचेरी तथा हॉकी एवं वॉलीबॉल की मेजबानी पश्चिम बंगाल को दिया जाना प्रस्तावित है।

छत्तीसगढ़ केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव तथा एआईईएससीबी के सलाहकार श्री महेंद्र सिंह चौहान ने एजीएम आयोजित करने का अवसर छत्तीसगढ़ को लगातार दूसरे वर्ष दिये जाने पर बोर्ड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष बोर्ड की अध्यक्षता पहली बार छत्तीसगढ़ को सौंपी गई और श्री के एस मनोठिया की अध्यक्षता में क्रीड़ा स्पर्धाएं सपन्न हुईं।

एआईईएससीबी के एजीएम के दौरान महासचिव श्री के आर शिवकुमार , पूर्व अध्यक्ष सुरेश कैमल, कोषाध्यक्ष श्री इमरान उल हक समेत बोर्ड के अन्य पदाधिकारी एवम छत्तीसगढ़ केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के पदाधिकारी मौजूद थे।

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
25.05.2026 - 04:15:37
Privacy-Data & cookie usage: