रायपुर 22 अप्रैल 2025। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया की भी गोली लगने से मौत हो गई। उन्होंने स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
कारोबारी दिनेश मिरानिया अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ मिनी स्विट्जरलैंड गर्मी की छुट्टियां मनाने गए थे। उनके रायपुर स्थित निवास में कोई नहीं है। परिजन जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हो गए हैं। कारोबारी दिनेश मिरानिया के घर के बाहर रिश्तेदार जुट रहे हैं। पुलिस भी तैनात है।
पाकिस्तान के इशारे पर गोली मारी गई- अमर बंसल
दिनेश मिरानिया के रिश्तेदार अमर बंसल ने कहा कि वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ थे। धर्म पूछकर और नाम पूछकर उनको गोली मारी गई है। जिस तरह से विधर्मियों ने काम किया है, भारत को डराने-धमकाने के लिए किया है, वह चलेगा नहीं। आतंकी पाकिस्तान के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं।
साय बोले- आतंकियों को सुरक्षाबल मुंहतोड़ जवाब देंगे

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी पोस्ट में कहा- जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कायर आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया है। हमले में मारे गए पर्यटकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। साय ने लिखा कि आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे। सुरक्षाबल इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।
विषम घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी- विजय शर्मा
गृहमंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया X पर लिखा- कश्मीर में हुए आतंकी हमले में हमारे रायपुर के व्यापारी दिनेश मिरानिया के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए मिरानिया और उनके परिवार को हर संभव सहायता के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
कायराना करतूत का करारा जवाब मिलेगा
वहीं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। इस आतंकी हमले में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। आतंकवादियों की इस कायराना करतूत का करारा जवाब मिलेगा। सिंह देव ने कहा कि इन आतंकियों का समूल उन्मूलन करने की दिशा में केंद्र सरकार सक्रिय हो गई है। मोदी के निर्देश के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर पहुंच चुके हैं। हालातों का जायजा लेकर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

