राहुल ने महाराष्‍ट्र विधानसभा पर विदेश में सवाल उठाया- महाराष्ट्र में शाम 5:30 से 7:30 के बीच 65 लाख वोट कैसे पड़े

www.khabarwala.news

schedule
2025-04-21 | 19:21h
update
2025-04-21 | 19:21h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
राहुल ने महाराष्‍ट्र विधानसभा पर विदेश में सवाल उठाया- महाराष्ट्र में शाम 5:30 से 7:30 के बीच 65 लाख वोट कैसे पड़े

राहुल गांधी ने बॉस्टन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया 

बोस्टन 21 अप्रैल 2025: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका के बॉस्टन में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर सवाल उठाए। उन्होंने रविवार शाम भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह साफ है कि भारतीय चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। इस सिस्टम में कुछ गड़बड़ी है।

राहुल 2 दिन के अमेरिका दौरे पर हैं। राहुल गांधी शनिवार देर रात को अमेरिका के बॉस्टन एयरपोर्ट पर उतरे थे। वे यहां रोड आइलैंड स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी का दौरा करेंगे, जहां वे फैकल्टी और छात्रों से बातचीत करेंगे। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राहुल गांधी के इस दौरे की जानकारी X पर दी थी।

अमेरिका में राहुल की 3 बातें…

1. राहुल बोले- मैं कई बार कह चुका हूं कि महाराष्ट्र में जितने बालिग नहीं हैं, उससे ज्यादा वोटिंग हुई। चुनाव आयोग ने हमें साढ़े पांच बजे वोटिेंग का आंकड़ा बताया। इसके बाद 5:30 से शाम 7:30 के बीच 65 लाख वोटिंग हुई।

2. उन्होंने कहा कि 2 घंटे में 65 लाख वोटिंग नामुमकिन है। एक वोटर को वोट डालने में करीब 3 मिनट लगते हैं। अगर आप गणित लगाएंगे तो पता चलेगा कि रात 2 बजे तक वोटर्स की लाइन लगनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

3. कांग्रेस सांसद ने कहा- हमने चुनाव की वीडियोग्राफी मांगी तो आयोग ने साफ मना कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने कानून भी बदल दिया, ताकि हम आगे वीडियो के बारे में सवाल न कर सकें।

Advertisement

राहुल के बयान पर बीजेपी ने सवाल उठाए

राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी की भी प्रतिक्रिया भी आई है। बीजेपी नेता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

संबित पात्रा ने कहा
विदेशी धरती पर देश का अपमान करना राहुल गांधी की पुरानी आदत है। वे लंबे समय से ऐसा करते आ रहे हैं। ईडी ने अपनी चार्जशीट में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नाम का उल्लेख किया है और देश को लूटने के लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। कांग्रेस पार्टी पूरे देश में अशांति का माहौल बना रही है।

पात्रा ने यह भी कहा कि जो लोग 50,000 रुपए की जमानत पर बाहर हैं, अगर उन्हें लगता है कि वे विदेश जाकर वहां बोलकर इस महान लोकतंत्र की छवि को नष्ट कर सकते हैं तो वे पूरी तरह गलत हैं।

राहुल ने वोटर्स लिस्ट में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया था

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में फर्जी तरीके से वोटर्स जोड़े जाने का आरोप लगाया था। इस साल फरवरी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी हुई। वोटर लिस्ट में नए मतदाता जोड़े गए, ताकि भाजपा की जीत हो सके। राहुल ने इलेक्शन कमीशन से वोटर्स का डेटा मांगा था।

राहुल के इलेक्शन कमीशन पर 4 आरोप

1. राहुल ने आरोप लगाया था कि लोकसभा चुनाव के लिए पांच साल में महाराष्ट्र में 32 लाख वोटर्स जोड़े गए, जबकि इसके पांच महीने बाद विधानसभा चुनाव के लिए 39 लाख वोटर्स को जोड़ा गया।

2. उन्होंने चुनाव आयोग से पूछा कि पांच महीने में पांच साल से ज्यादा वोटर्स कैसे जोड़े गए?

3. विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल वयस्क आबादी से ज्यादा रजिस्टर्ड वोटर्स कैसे थे?

4. राहुल ने कहा कि इसका एक उदाहरण कामठी विधानसभा है, जहां भाजपा की जीत का अंतर लगभग उतना ही है जितने नए वोटर्स जोड़े गए।

राहुल ने कहा था- EC से वोटर्स के नाम-पते मांगे

दिल्ली में 7 फरवरी को राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की इस दौरान उनके साथ शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले मौजूद थीं।
दिल्ली में 7 फरवरी को राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की इस दौरान उनके साथ शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले मौजूद थीं।
महाराष्ट्र चुनाव को लेकर राहुल ने फरवरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने कहा था कि लोकसभा से पहले 32 लाख और विधानसभा से पहले 39 लाख वोट जोड़े गए। 5 महीने के भीतर 7 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं।

कांग्रेस सांसद ने कहा था कि हमने इलेक्शन कमीशन से कहा कि इसकी जांच करें। हमने वोटर लिस्ट, नाम-पते मांगे हैं। हम चाहते हैं कि उनके फोटोग्राफ भी दिए जाएं। लोकसभा और विधानसभा की वोटर लिस्ट हम चाहते हैं। कई मतदाताओं के नाम काटे भी गए हैं। ये दलित, अल्पसंख्यक वोट हैं। मैं कोई आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन क्या कुछ गड़बड़ी है।

महाराष्ट्र में 23 नवंबर 2024 को बनी थी महायुति सरकार

हरियाणा चुनाव के नतीजों पर भी कांग्रेस ने उठाया था सवाल

कांग्रेस ने अक्टूबर 2024 में हरियाणा चुनाव के नतीजों पर भी सवाल उठाया था। कांग्रेस ने EVM की गड़बड़ी का दावा करते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था कि 20 सीटों पर मतगणना के दौरान EVM में गड़बड़ी पाई गई। खेड़ा ने कहा, यह अजीब है कि जिन मशीनों में 99% बैटरी चार्ज रही, उन्हीं सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार हारे हैं। वहीं, 60-70% बैटरी चार्ज वाली मशीन वे हैं जिन पर कांग्रेस उम्मीदवार जीते हैं। मतगणना के दिन कुछ मशीनें 99% और बाकी सामान्य मशीनें 60-70% चार्ज थीं। हमारी मांग है कि जांच पूरी होने तक उन मशीनों को सील और सुरक्षित रखा जाना चाहिए।

 

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
25.02.2026 - 09:11:00
Privacy-Data & cookie usage: