परिवार संग जयपुर पहुंचे जेडी वेंस, मोदी ने उनके बच्चों को मोरपंख भेंट किया

नई दिल्ली, 21 अप्रैल 2025। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पीएम मोदी की मुलाकात के बाद परिवार समेत जयपुर पहुंच गए हैं। वे शाम 6:30 बजे से 8:50 बजे तक पीएम मोदी के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर उनसे मिले। पीएम मोदी ने आवास के गेट पर वेंस परिवार को रिसीव किया। उन्होंने वेंस, उनकी पत्नी उषा और तीनों बच्चों- इवान, विवेक और मिराबेल को अपने आवास का गार्डन दिखाया। पीएम ने बच्चों को मोरपंख भेंट किए।

इसके बाद पीएम ने वेंस और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। इस बैठक में बाइलेट्रल ट्रेड डील, ऊर्जा, रक्षा और स्ट्रेटिजिक टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत हुई।जेडी वेंस सोमवार सुबह 10 बजे परिवार के साथ 4 दिन के दौरे पर भारत पहुंचे। वेंस का प्लेन सुबह 9:45 बजे दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा।यहां केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें रिसीव किया। एयरपोर्ट पर ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वेंस, उनकी पत्नी और बच्चों के सामने कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य पेश किया।इसके बाद वेंस परिवार के साथ दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर गए। वे वहां करीब 1 घंटे रुके। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह जेडी वेंस का पहला आधिकारिक भारत दौरा है।

 पीएम ने अमेरिका की अपनी सफल यात्रा और राष्ट्रपति ट्रम्प से हुई चर्चाओं को याद किया

जेडी वेंस से मुलाकात को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी। PMO ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान पीएम ने जनवरी में अमेरिका की अपनी सफल यात्रा और राष्ट्रपति ट्रम्प से हुई चर्चाओं को याद किया, जिसमें भारत-अमेरिका के बीच मजबूत साझेदारी के लिए रोडमैप तय किया गया था। पीएम और उप राष्ट्रपति वेंस ने फरवरी में पेरिस में हुई अपनी पिछली मुलाकात के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका बाइलेट्रल ट्रेड डील में हुए डेवलपमेंट का स्वागत किया और ऊर्जा, रक्षा और रणनीतिक तकनीकों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। पीएम और उप-राष्ट्रपति ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की और इस बात पर सहमति जताई कि आगे बढ़ने का रास्ता बातचीत और कूटनीति से ही निकलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *