www.khabarwala.news
रायपुर 21 अप्रैल। छत्तीसगढ़ कांग्रेस रायपुर में CM हाउस घेरने निकली। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हुई है और जनता डरी हुई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु जनता के लिए मुख्यमंत्री बनकर नहीं, भक्षक बनकर काम कर रहे हैं।
रायपुर में 515 से ज्यादा किडनैपिंग की वारदात
वहीं पूर्व पीसीसी चीफ धनेन्द्र साहू ने कहा कि रोज हत्या, बलात्कार, लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। क्या यही विष्णु का सुशासन है। शांति का टापू आज अपराध गढ़ बन चुका है। आज न्याय पथ पर चलकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ये घेराव किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बीजेपी राम राज्य, विष्णु के सुशासन की बात कर रहे हैं, लेकिन चारों तरफ अशांति है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए ये आयोजन किया है।
बलरामपुर में महिला पुलिस को महिलाएं मार रही
विधायक उमेश पटेल ने कहा कि डेढ़ साल में ऐसे-ऐसे कारनामे हुए जो छत्तीसगढ़ के इतिहास में कभी न हुए। दिमाग और दिल में घर कर गए। बलौदाबाज़ार की घटना हुई है। इस सरकार में एसडीएम को जनता दौड़ाती है। बलरामपुर में महिला पुलिस को महिलाएं मार रही थी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना इसलिए होती है, क्योंकि शासन-प्रशासन से जनता का विश्वास उठ जाता है। छत्तीसगढ़ अपराध के मामलों में तेज़ी से डेढ़ साल में आगे बढ़ा है। वहीं फूलो देवी नेताम ने कहा कि ये मुख्यमंत्री शासन और प्रशासन की चूक है, जो आज बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। आज हम यहां, इसलिए इकट्ठे हुए हैं, ताकि मुख्यमंत्री की आंखें खोल सकें।
रायपुर नगर निगम के सामने कांग्रेस की सभा
बता दें कि ये प्रदर्शन पीसीसी चीफ दीपक बैज के नेतृत्व हुआ। घेराव से पहले रायपुर नगर निगम के सामने कांग्रेस ने सभा का आयोजन किया। सभा में प्रदेशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। इसमें नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व पीसीसी चीफ धनेन्द्र साहू, सह-प्रभारी विजय जांगिड, जरिता लैतफ़लांग ,प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम, प्रभारी महामंत्री मलकीत गैदू समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। हालांकि सरकार के ख़िलाफ इस बड़े प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के साथ प्रदेश कांग्रेस के सबसे बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीए॰ सिंहदेव शामिल नहीं हुए।