रायपुर 14 अप्रैल @khabarwala.news। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का तेवर लगातार बदल रहा है। कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली है। रायपुर मौसम विभाग की माने तो अगले चार दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलेगी। साथ ही कुछ जिलों में हल्की बूंदाबादी होने की संभावना है। मौसम के बदलाव से चिलचिलाती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
रायपुर मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें जशपुर, सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, गरियाबंद, कोण्डागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर शामिल है। इन जिलों में मेघ, गर्जन के साथ तेज हवा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान में 1-2°C की वृद्धि हुई। मध्य एवं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवा, वज्रपात व हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गयी।
मौसम विभाग ने क्या कहा?
रायपुर मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तर-पश्चिमी झारखंड पर स्थित है और समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। यह द्रोणिका अब दक्षिण हरियाणा और उसके आसपास के क्षेत्रों से होते हुए उत्तर बांग्लादेश तक, दक्षिण उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से होते हुए उत्तर-पश्चिम झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर चक्रवाती परिसंचरण तक फैली हुई है।
उत्तरी मध्य महाराष्ट्र से मन्नार की खाड़ी तक बनी द्रोणिका अब पूर्वोत्तर विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु से होकर औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर चल रही है।
मौसम विभाग ने आगे कहा कि पिछले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। प्रदेश के जगदलपुर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य रहा तथा शेष सभी संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहे।
अधिकतम तापमान
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.4°C रायपुर व बिलासपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0°C जगदलपुर व अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
तापमान जानिए
लालपुर रायपुर में अधिकतम 41.4, न्यूनतम तापमान 26.9।
माना एयरपोर्ट में अधिकतम 41.0, न्यूनतम तापमान 25.8।
बिलासपुर में अधिकतम 41.4, न्यूनतम तापमान 26.0।
पेण्ड्र्ारोड में अधिकतम 40. 6, न्यूनतम तापमान 23.8।
अम्बिकापुर में अधिकतम 38.8, न्यूनतम तापमान 22.0।
जगदलपुर में अधिकतम 36.0, न्यूनतम तापमान 22.0।
दुर्ग में न्यूनतम तापमान 27.5।
राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 27.5 रहा।

