सुशासन तिहार के अंतिम दिवस उत्साह पूर्वक आम नागरिकों ने किया आवेदन जमा…

www.khabarwala.news

schedule
2025-04-14 | 14:12h
update
2025-04-14 | 14:12h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
सुशासन तिहार के अंतिम दिवस उत्साह पूर्वक आम नागरिकों ने किया आवेदन जमा…

raipur@khabarwala.news

  • बिछन राम एवं महेश काशी को विश्वास है कि सुशासन तिहार में उनकी समस्या का होगा समाधान

बलरामपुर 11 अप्रैल 2025: राज्य शासन की पहल ‘सुशासन तिहार’ के प्रथम चरण के अंतर्गत आमजन की मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन लेने का सिलसिला अंतिम दिवस भी जारी रहा। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी ग्राम पंचायतों में समाधान पेटियां स्थापित की गई, जिनमें नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। जिले के बलरामपुर, राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी, रामचन्द्रपुर एवं वाड्रफनगर जनपद पंचायतों के दूरस्थ गांवों में भी ग्रामीणों ने निःसंकोच आवेदन जमा किए।

Advertisement

सुशासन तिहार के तहत जिले के विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम जाबर में लगाए गए शिविर में अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर पहुंचे श्री बिछन राम ने बताया कि वे जमीन के पट्टे की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किये हैं और उनको विश्वास है कि सुशासन तिहार में उनकी समस्या का समाधान होगा। गांव के ही महेश काशी ने सीसी रोड और ग्राम मंगरहरा के श्री मोहन राम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान के लिए आवेदन लिखकर समाधान पेटी में जमा किए। इसी प्रकार गांव के श्री अनील द्वारा सीसी रोड एवं नाली निर्माण तो ग्राम पिण्ड्रा की चम्पा ने महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। इसके अलावा आवास, शौचालय, महतारी वंदन योजना, पेंशन, सड़क, पुल-पुलिया, वन अधिकार पत्र, और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के भी आवेदन प्राप्त हुए।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल सुशासन तिहार की सराहना करते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की उम्मीद जताई। राज्य शासन की इस आयोजन से जिले के सभी नागरिकों को अपनी समस्याएं बताने का मौका मिल रहा है, ग्रामीण क्षेत्रों और दूरस्थ अंचलों के निवासी अपने गांव में ही अपनी समस्याएं समाधान पेटी में डालकर शासन तक पहुंचा रहे हैं। यह आयोजन खासकर ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के निवासियों को अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार-2025 का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है। सुशासन तिहार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और जनसंवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। सुशासन तिहार 2025 का आयोजन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 08 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किए गए। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में 05 मई से 31 मई 2025 के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
24.02.2026 - 22:08:03
Privacy-Data & cookie usage: