कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किया सहकारिता विभाग के कैलेण्डर का विमोचन…

raipur@khabarwala.news

महासमुंद, 04 मार्च 2025: समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 का कैलेण्डर विमोचन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि यह कैलेण्डर जिले की सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने और किसानों एवं आमजन को सहकारी योजनाओं एवं वर्ष भर की गतिविधियों की जानकारी देने का माध्यम है। इस वार्षिक कैलेण्डर में सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों और कार्ययोजनाओं को माहवार अलग-अलग तिथियों में निर्धारित कर प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रविराज ठाकुर, उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएँ श्री द्वारिका नाथ ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला अंत्यावसायी सहकारी समिति श्रीमती प्रभा मारकण्डे, प्रबंधक, जिला सहकारी संघ मर्यादित महासमुंद श्री जी.एल. कौशिक, जिला प्रचार प्रसार अधिकारी जिला सहकारी संघ मर्यादित श्री एस.आर. बंजारे, लेखापाल श्री कन्हैया नायक सहित जिला अधिकारी मौजूद थे।

बता दें कि सहकारिता विभाग के अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 वार्षिक कैलेण्डर में ग्राम, जिला एवं प्रदेश स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं को शामिल किया गया है। इन गतिविधियों में धान खरीदी एवं भंडारण प्रक्रिया का विस्तार, प्रधानमंत्री जन औषधि स्टोर एवं कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना, विशाल अन्न भंडारण के लिए नवीन गोदामों का निर्माण, किसानों को एटीएम कार्ड प्रदान करना एवं पैक्स में माइक्रो एटीएम के माध्यम से भुगतान सुविधा, नवीन पैक्स सोसाइटी, डेयरी एवं मत्स्य सहकारी समितियों का पंजीयन एवं सशक्तिकरण के सम्बन्ध में जानकारी दी गई है। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2025 को ’अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष’ घोषित किया गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में, भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा “सहकार से समृद्धि“ अभियान के तहत विविध गतिविधियाँ पूरे छत्तीसगढ़ में आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *