समय-सीमा की बैठक सम्पन्न- अवैध खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्यवाही करने के दिये निर्देश…

raipur@khabarwala.news

  • बाल विवाह की रोकथाम के लिए आमजनों करें जागरूकः-कलेक्टर श्री कटारा

बलरामपुर 18 फरवरी 2025: संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति, पंचायत चुनाव की तैयारियों, बाल विवाह रोकथाम, कुपोषण उन्मूलन और अवैध खनन व परिवहन की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्रथम चरण के पंचायत चुनावों की समीक्षा करते हुए दूसरे और तीसरे चरण में होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मतदान सामग्री के वितरण, मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रपत्रों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कटारा ने जिले में बाल विवाह रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों और कार्रवाइयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी भी क्षेत्र में बाल विवाह होने की सूचना मिले तो तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाए। कलेक्टर ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि कानूनी अपराध भी है और इसके आयोजन में शामिल परिजनों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) के संचालन की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी भर्ती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के परिजनों को पोषण के प्रति जागरूक करें और कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र भेजने के लिए समझाइश दें ताकि उन्हें सामान्य रूप से आवश्यक पोषक देकर सुपोषित किया जा सके। कलेक्टर ने जिले में संचालित आश्रम-छात्रावासों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मीनू के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए खनिज अधिकारी को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करें और सतत निगरानी रखते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करें। बैठक के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों और प्रकरणों के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जनसमस्याओं के समाधान करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर श्री आर.एस.लाल, संयुक्त कलेक्टर श्री आर.एन. पाण्डेय, श्री प्रमोद गुप्ता, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *