फिर से लौट आई, बारिश और बर्फबारी के बीच सर्द हवाएं, मौसम विभाग का अलर्ट जारी…

www.khabarwala.news

schedule
2025-02-07 | 07:54h
update
2025-02-07 | 07:54h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
फिर से लौट आई, बारिश और बर्फबारी के बीच सर्द हवाएं, मौसम विभाग का अलर्ट जारी…

raipur@khabarwala.news

ठंड एक बार फिर से लौट आई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान तेजी से गिरा है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में सर्द हवाएं चल रही हैं जिससे लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का यह असर है। एक और विक्षोभ असम के आसपास के क्षेत्र पर स्थित है। इसके चलते अरुणाचल में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।

ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 8 फरवरी से हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके कारण 8-12 तारीख के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बदरा बरस सकते हैं। राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 9.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 20.02 सेल्सियस रहने की उम्मीद है। हालांकि, हल्की सर्द हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत तापमान से 1.2 डिग्री कम रहा।

Advertisement

हिमाचल में बर्फबारी जारी, तापमान 3-11 डिग्री तक गिरा

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। इसके चलते न्यूनतम तापमान तीन से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां रात को तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गोंडल में 9 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई जबकि केलांग में 6, कल्पा में 3.6 और कोठी में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश भी हुई। मनाली में 20 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि डलहौजी में 7 मिमी, कटौला में 6.1 मिमी और भरमौर में 5 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि चंबा, ऊना और बर्थिन में शीतलहर का प्रकोप बरकरार है जबकि मनाली और कल्पा में दिन के समय ठंड रही। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है।

 

राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर जारी

राजस्थान के अनेक भागों में सर्दी का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में जयपुर व कोटा संभाग में कई जगह शीतलहर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान निम्नतम न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 02.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान सीकर में 3.5 डिग्री, नागौर और लूणकरणसर में 3.8 डिग्री, करौली में 4.4 डिग्री, दौसा में 5.1 डिग्री और संगरिया में 5.2 डिग्री रहा। राज्य भर में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 24.9 डिग्री व 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी, तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे

जम्मू-कश्मीर की राजधानी कश्मीर में शुष्क मौसम के पूर्वानुमान के बीच ठंड का प्रकोप जारी है। प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कश्मीर संभाग के सभी मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 6 और शून्य से नीचे 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान व्यक्त किया है। 9 फरवरी को अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात होने का अनुमान जताया है। 10-11 फरवरी से आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

 

 

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
09.03.2026 - 04:38:02
Privacy-Data & cookie usage: