आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर सुपर फूड खेक्सी की बाजार में एंट्री…

www.khabarwala.news

schedule
2024-07-17 | 08:42h
update
2024-07-17 | 08:42h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर सुपर फूड खेक्सी की बाजार में एंट्री…

raipur@khabarwala.com

बिलासपुर। वर्षा के इस सीजन में बाजार में पौष्टिकता से भरपूर सब्जी खेक्सी (ककोस) पहुंच गया है। आयुर्वेद चिकित्सक व आहार विशेषज्ञ इसे सबसे ताकतवर मानते हैं, क्योंकि यह औषधीय गुणों से भरपूर है। खास बात यह है इसे खेतों में नहीं उगाया जाता। इसका जन्म प्राकृतिक रूप से स्वछंद होता है। ग्रामीण क्षेत्रों के रहवासी खेक्सी की तलाश में जंगल की ओर निकलते हैं।

 

दो महीने तक ही बाजार में उपलब्ध

 

वर्षा के मौसम में यह उस स्थान पर पैदा होता है, जहां पर घने कटीले पेड़-पौधे रहते हैं। यह बेल में लगने वाले फल होते हैं। इसलिए इसकी बेल तैयार होती है, जो कटीली झाड़ियों पर चढ़ जाती हैं। यह साल में सिर्फ एक से दो महीने तक ही बाजार में उपलब्ध रहता है। मौजूदा स्थिति में बृहस्पति बाजार, शनिचरी सब्जी मार्केट के अलावा शहर के कुछ सीजनल सब्जी बाजार में मिल रहा है। पैदावार कम होने के कारण जैसे ही ये बाजार में आ रहा है, वैसे ही लोग इसे हाथोंहाथ खरीद रहे हैं। इसके सेवन से शरीर को हेल्दी बनाया जा रहा है।

Advertisement

 

अलग-अलग नामों से है पहचान

 

आयुर्वेद चिकित्सक डा. बृजेश सिंह का कहना है कि इस सबसे ताकतवर सब्जी का नाम खेक्सी के अलावा ककोड़ा और खेक्सा भी है। इसमें अद्भुत औषधीय गुण पाए जाते हैं। सूजन, बुखार, मूत्र विकार, श्वास संबंधी रोग का इलाज भी इसकी सब्जी के सेवन से होता है। राजस्थान में इस सब्जी को किंकोड़ा के नाम से पहचाना जाता है। वहीं छत्तीसगढ़ में इसे खेक्सी के नाम से जाना जाता है।

 

प्राकृतिक रूप से होता है तैयार

 

वर्षा के सीजन में उगाई जाने वाली लगभग हर सब्जी में कीटनाशक का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन, खेक्सी पूरी तरह से जैविक सब्जी है। इसमें प्रचुर मात्रा में प्रोटीन और आयरन पाया जाता है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्वों में कई स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने बहुत से खनिज पाए जाते हैं। इसमें एस्कार्बिक एसिड, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, फाइबर, कैरोटीन, थियामिन, रिबोफ्लेविन और नियासिन जैसे आवश्यक पोषक तत्व होते हैं।

 

मिलते हैं ये फायदे

 

खेक्सी का पर्याप्त मात्रा में सेवन करने से रक्त प्रवाह में आने वाली समस्याओं को दूर किया जा सकता है। इसके सेवन से रक्त का संचार ठीक रहता है तो दिल का दौरा पड़ने का खतरा कम हो जाता है।

 

मधुमेह रोग में लाभकारी होता है। इसके सेवन से शरीर के रक्त में शर्करा का स्तर को कम करने में मदद मिलती है।

 

विटामिन ए से आंखों को फायदा मिलता है। विटामिन ए आंखों के लिए एक महत्वपूर्ण घटक है। ऐसे में आंखों की कमजोरियों को दूर करने में यह मददगार है।

 

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

 

आयुर्वेद विशेषज्ञ डा. प्रदीप शुक्ला बताते हैं कि खेक्सी की सब्जी में हर वो तत्व मौजूद होता है जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक होता है। इसमें कई बीमारियों को ठीक करने की ताकत होती है।

 

 

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
17.06.2026 - 10:36:07
Privacy-Data & cookie usage: