पशुओं को गलघोंटू रोग से बचाव के लिए लगवाएं टीका…

www.khabarwala.news

schedule
2023-07-05 | 11:45h
update
2023-07-05 | 11:45h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
पशुओं को गलघोंटू रोग से बचाव के लिए लगवाएं टीका…

raipur@khabarwala.news

महासमुंद 5 जुलाई 2023: वर्षा ऋतु के पहले ही गौवंशीय व भैंस वंशीय पशुओं में गलघोटू व एक टंगिया बीमारी से बचाव के लिए जिले में सघन टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस आशय की जानकारी देते हुए उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ. आर.एस. पांडे ने बताया कि गलघोटू व एक टंगिया जीवाणु जनित बीमारी है, जो पाश्चुरेला मल्टोसीडा नामक जीवाणु से होती है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि ज़िले के ख़ास कर ग्रामीण क्षेत्र में पिछले माह से इस बीमारी की रोकथाम के लिए निःशुल्क पशु चिकित्सा सह केसीसी शिविर एवं गलघोटू एक टांगिया बीमारी के रोकथाम हेतु टीकाकरण कार्य संपादित किया जा रहा है। ग्राम जोबा में मंगलवार 4 जुलाई को लगाए गए शिविर में 438 पशुओं का टीकाकरण तथा पशु उपचार 36, औषधि वितरण 134, कृमि नाशक दवा पान 77, मिनरल मिक्सर वितरण 5 पशुओं का किया गया। पशुपालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड हेतु फार्म का वितरण किया गया। पशुपालकों को पशुपालन हेतु किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने प्रोत्साहित किया गया। उक्त शिविर में चल चिकित्सा इकाई महासमुंद से डॉ. यादव, पशु चिकित्सालय तुमगांव से डॉ. चंद्राकर व औषधालय जोबा के समस्त मैदानी अमले उपस्थित रहे।

उन्होंने बताया कि गलघोंटू बीमारी में पशुओं को तेज बुखार, आंखों में सूजन तथा गले में संक्रमण व सूजन के कारण घर्र-घर्र की आवाज आती है, सांस लेने में तकलीफ होती है, लार बहने लगता है। इसी प्रकार एक टांगिया बीमारी में बुखार व जांघ के मांसपेशी में दर्द युक्त सूजन होता है, जिसमे चर्र-चर्र की आवाज आती है। इससे जानवर को चलने में परेशानी होती है। एक टंगिया रोग में चार माह से दो वर्ष तक के युवा पशु सबसे अधिक संवेदनशील होते है तथा गलघोटू का टीकाकरण चार माह से ऊपर के सभी उम्र के पशुओं में लगाया जाता है।

उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ. पांडे ने पशुपालक किसानों से अनुरोध किया है कि पशुधन विकास विभाग द्वारा निर्धारित टीकाकरण की तिथि को अपने पशुओं को घर में ही रखें तथा अपने पशुओं का अनिवार्यत: टीकाकरण करायें। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए अपने निकटस्थ पशु चिकित्सा संस्थान से संपर्क किया जा सकता है।

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
11.03.2026 - 13:03:15
Privacy-Data & cookie usage: