दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत का मौसम पल-पल बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में हल्की हुई बारिश …

raipur@khabarwala.news

नई दिल्ली। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत का मौसम पल-पल बदल रहा है। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, दोपहर बाद हल्की धूप निकल आई, लेकिन तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

दिन के शुरुआती घंटों में हल्की बारिश दर्ज की गई। नमी का स्तर 40 से 96 फीसदी के बीच रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और दिन में तेज हवाओं के चलने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 डिग्री और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। उत्तर भारत में हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग की माने तो मंगलवार को धूप खिलेगी और दिन में तेज सतही हवा चलेगी।

 

तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक रहने की संभावना है।

10 मई को भी 30-25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी।

 

12 मई तक धूप और गर्मी लोगों को परेशान करेगी। अभी लू चलने की संभावना नहीं है।

 

13 मई को फिर बूंदाबांदी होगी और आंधी चलेगी। इससे लोगों को आंशिक राहत मिलेगी।

 

इस दौरान तापमान 38-39 और न्यूनतम तापमान 21-23 डिग्री तक रहने की संभावना है।

 

दिल्ली में 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 131 की रीडिंग के साथ ‘मध्यम’ श्रेणी में था। एनसीआर के क्षेत्रों नोएडा (122), गुरुग्राम (164), फरीदाबाद (122), ग्रेटर नोएडा (158) की वायु गुणवत्ता भी ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता 92 अंक के साथ ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही।

बता दें कि एक्यूआई शून्य और 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

हिमाचल मौसम

प्रदेश में अधिकतर स्थनों पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है। एक दो स्थान पर बादल छाए रहने की संभावना भी है। हिमाचल के कई जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना है। अटल-टनल के पास से जाने वाले कई वाहनों को बीच में ही रोक दिया गया है।

बिहार मौसम

पटना समेत प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह बने होने के कारण अगले पांच दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। इनके प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है। पछुआ का प्रवाह 10-15 किमी प्रतिघंटा व झोंके के साथ 20-30 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार है। पांच दिनों बाद प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमीयुक्त हवा का प्रवाह शु्रू होने से तापमान में गिरावट आएगी। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चढ़ने के साथ 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश

मंगलवार को मौसम में उतार चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हल्के से मध्यम ऊंचे बादलों की आवाजाही बने रहने के आसार हैं। 10 मई तक तेज हवाओं व गरज चमक के साथ बूंदाबांदी व तेज बारिश होने की संभावना है। सोमवार को तेज धूप के साथ बादलों की आवाजाही बनी रही। तापमान में एक-दो डिग्री का उतार चढ़ाव संभव है।

झारखंड मौसम

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में मंगलवार को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। दिन में तेज धूप रहेगी। मंगलवार को सूर्योदय का समय सुबह 05 बजकर 12 मिनट रहेगा। पलामू, गढ़वा व लातेहार के मौसम का मिजाज तल्ख हो चुका है। पारा 42 डिग्री पहुंच गया है। अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। तेज धूप निकलेगी और गर्म हवाएं चलेंगी। गर्मी और धूप परेशान करेगी।

एमपी मौसम

 

सोमवार को शहरवासियों को गर्मी का अहसास हुआ। सोमवार को बादल छाए रहे और तापमान में 38 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मंगलवार को शहरवासियों को गर्मी का अहसास होगा, वही दिन में हल्के बादल भी छा सकते हैं। मौसम विभाग की माने तो आगामी दिनों में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। बदले इस मौसम में सर्दी-जुकाम के साथ ही बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *