छत्तीसगढ़ में मुसीबत बनी बारिश, 5 दिन से NH-30 बंद…

www.khabarwala.news

schedule
2022-08-16 | 08:03h
update
2022-08-16 | 08:03h
person
khabarwala.news
domain
khabarwala.news
छत्तीसगढ़ में मुसीबत बनी बारिश, 5 दिन से NH-30 बंद…

raipur@khabarwala.news

रायपुर: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में लगातार हो रही बारिश अब बड़ी मुसीबत बन गई है। रायपुर से लेकर रायगढ़ और जांजगीर-चांपा से लेकर बस्तर तक हालत बिगड़े हुए हैं। रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पामगढ़ में अस्पताल डूब गया है। प्रदेश की सबसे प्रमुख नदी महानदी के किनारे बसे गांव डूबने की कगार पर हैं। ऐसे में उन्हें खाली करा लिया गया है। लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है। कांकेर में भी कई गांव टापू बन गए हैं। सुकमा के कोंटा में NH-30 पांच दिन से बंद है।

गंगरेल के गेट खुले, रुद्री से छोड़ा गया पानी, महानदी का जलस्तर बढ़ा

लगातार हो रही बारिश से धमतरी स्थित गंगरेल डैम लबालब भर गया है। बारिश के चलते करीब 1 लाख क्यूसेक से अधिक प्रति सेकंड पानी की आवक बनी हुई है। इसे देखते हुए उसके सभी 14 गेट सोमवार को खोल दिए गए थे। वहीं रुद्री बैराज से भी 131000 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। इसके चलते शिवरीनारायण सहित महानदी के किनारे के इलाकों में पानी बढ़ने लगा है। लोगों को वहां से बाहर निकालने के लिए मुनादी कराई गई। इसके साथ ही आसपास रहने वालों को वहां से राहत शिविर में पहुंचाया जा रहा है।

Advertisement

शिवरीनारायण में बाढ़ जैसे हालात, SDRF के साथ बोट-नाव तैनात

महानदी का जल स्तर बढ़ने से शिवरीनारायण में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इसे देखते हुए SDRF के गोताखोरों को तैनात करने के साथ ही राहत और बचाव के लिए बोट, नाव तैयार की गई है। जांजगीर में जिला स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम को भी अलर्ट किया गया है। चांपा, जाजंगीर, सक्ती, पामगढ़ और डभरा के एसडीएम, जनपद सीईओं, तहसीलदारों को बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में लोगों के रहने और भोजन का इंतजाम किया गया है। डॉक्टरों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

जांजगीर जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया

जिले में राहत और बचाव के लिए प्रभारी अधिकारी आरके तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर (9424164556) और कंट्रोल रूम का 07817-222032 नंबर जारी किया गया है।

 

पामगढ़ CHC जलमग्न, वार्डों सहित पूरे परिसर में भरा पानी

जांजगीर में लगातार बारिश के चलते चलते पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी भर गया है। अस्पताल में दर्जन भर से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। परिसर सहित सभी वार्डों में पानी भर गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। इसके कारण जगह-जगह से बारिश का पानी रिस रहा है।

गंदगी और बदबू की वजह से भी मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है। मरीजों के साथ अन्य लोगों को भी बरसाती बीमारियों होने का खतरा मंडरा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि शिकायत के बाद भी नहीं सुनी जा रही।

 

रायगढ़ में बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव पहुंचे विधायक, कलेक्टर

रायगढ़ में लगातार बारिश से बाढ़ के हालात हैं। इस बीच कलेक्टर रानू साहू, एसपी अभिषेक मीणा और विधायक प्रकाश नायक नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए पहुंचे। उन्होंने बस्तियों में जाकर वहां के हालात देखे और बचाव व राहत कार्य का जायजा लिया। बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित सूरजगढ़, बोरिदा पहुंचे और वहां लोगों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पड़ीगांव, सरिया, छिछोरउमरिया में बनाए गए राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। साथ ही परसापाली,चंगोरी, खपरा पाली का भी निरीक्षण किया।

 

नुकसान का सर्वे, शिविर में MBBS डॉक्टर की नियुक्ति के निर्देश

कलेक्टर रानू साहू ने बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए हैं। जिससे प्रभावितों को मुआवजे की राशि जल्द दी जा सके। खपरा पाली में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उन्होंने लोगों को राहत शिविर में जाने की समझाइश दी। कलेक्टर साहू ने आपात स्थिति के मद्देनजर प्रत्येक राहत शिविर में एक MBBS डॉक्टर तैनात रखने के लिए CMHO डॉ. केसरी को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने पर्याप्त दवाई के साथ बाढ़ की स्थिति में सर्प दंश के उपचार के लिए एंटी वेनम रखने के निर्देश दिए।

Advertisement

Imprint
Responsible for the content:
khabarwala.news
Privacy & Terms of Use:
khabarwala.news
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
10.03.2026 - 10:04:30
Privacy-Data & cookie usage: