मंगल ग्रह पर नासा के रोवर को मिली रहस्यमय चीज…

raipur@khabarwala.news

वॉशिंगटन: अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के पर्सीवरेंस रोवर ( NASA Perseverance Rover ) को मंगल पर एक रहस्यमय चीज देखने को मिली है। लाल ग्रह पर उलझे हुए धागों जैसी ये आकृति दिखी है। रोवर के फ्रंट लेफ्ट हैजर्ड अवॉइडेंस कैमरे ने 12 जुलाई को हल्के रंग की एक चीज की फोटो ली। इस फोटो के सामने आते ही कुछ लोगों ने इसे स्पेगेटी बताया। हालांकि नासा के अधिकारियों का मानना है कि ये रोवर की लैंडिंग से जुड़ी कोई चीज होगी।

कैलिफोर्निया के पासाडेना में नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में पर्सीवरेंस के प्रवक्ता के मुताबिक ये धागे जैसी चीज रोवर या उसके डिसेंट स्टेज से जुड़ी हो सकती है। डिसेंट स्टेज में छोटे-छोटे रॉकेट बूस्टर होते हैं जो गिरते हुए रोवर की लैंडिंग को आसान बनाते हैं, ताकि वह ग्रह की सतह से न टकराए। जिस जगह ये धागा मिला है वहां पर्सीवरेंस पहले नहीं गया था। इस वजह से माना जा रहा है कि हवाओं के कारण ये चीज उड़ कर गई होगी।

जीवन की खोज में लगा है रोवर

नासा का पर्सीवरेंस रोवज एक प्राचीन डेल्टा जिसे जेज़ीरो क्रेटर कहा जाता है वहां जीवन की खोज कर रहा है। यहां रोवर माइक्रोस्कोपिक जीवन के संकेत खोज रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अरबों वर्ष पहले मंगल इन जीवों का घर रहा होगा। जब इस चीज की फोटो वैज्ञानिकों को मिली तो उन्होंने रोवर को वापस उसी जगह भेजा। चार दिन बाद जब रोवर वापस वहां गया तो यह धागे जैसी दिखने वाली चीज गायब हो गई थी।

पहले भी मिल चुकी हैं चीजें

ये कोई पहली बार नहीं है जब रोवर को उसकी लैंडिंग से जुड़ा कोई सामान मिला है। कुछ दिन पहले पर्सीवरेंस के कैमरे ने एक चमकदार फॉइल की फोटो खींची थी। नासा के वैज्ञानिकों ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि ये चमकदार चीज उसके थर्मल ब्लैंकेट से जुड़ा हो सकता है जो अंतरिक्ष के मौसम से उसे बचाता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *