www.khabarwala.news
raipur@khabarwala.news
नई दिल्ली: देश में जानलेवा कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी के मामलों में आज भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 4 हजार 575 नए केस सामने आए हैं और 145 लोगों की मौत (Covid Deaths) हो गई. कल 3 हजार 993 मामले और 108 मौतें दर्ज की गई थीं. यानी कल की तुलना में आज मामले बढ़े हैं. जानिए देश में कोरोना की ताजा स्थिति क्या है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, अब एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 46 हजार 962 हो गई है. वहीं, इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5 लाख 15 हजार 335 हो गई है. आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक 4 करोड़ 24 लाख 13 हजार 566 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों (Corona Vaccine) की करीब 179 करोड़ से खुराक दी जा चुकी हैं. कल 18 लाख 69 हजार 103 डोज़ दी गईं, जिसके बाद अबतक वैक्सीन की 179 करोड़ 33 लाख 99 हजार 555 डोज़ दी जा चुकी हैं. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, स्वास्थ्यकर्मियों, कोरोना योद्धाओं और 60 साल से ज्यादा आयु वाले अन्य बीमारियों से ग्रस्त लोगों को 2 करोड़ से ज्यादा (2,08,56,585) एहतियाती टीके लगाए गए हैं. देश में कोविड रोधी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी, 2021 से शुरू हुआ और पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया. वहीं, कोरोना योद्धाओं के लिए टीकाकरण अभियान दो फरवरी से शुरू हुआ था.